चमोली जनपद में रात को हुई तेज बारिश से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नंदप्रयाग पर्थाडीप में मलबा आने से अवरुद्ध है। एनएचआईडीसीएल की जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से हाईवे को खोलने का काम चल रहा है। वहीं नंदप्रयाग-नंदानगर सड़क भी वन विभाग के निकासी गेट के समीप चट्टान से मलबा आने के कारण अवरुद्ध हो गया है। जिससे नंदानगर क्षेत्र के वाहन सड़क के दूसरी छोर फंस गए हैं। लोग करीब एक किलोमीटर तक पैदल दूरी नापकर नंदप्रयाग पहुंच रहे हैं। भारी बारिश के अलर्ट के बीच फिलहाल चमोली जनपद में मौसम सामान्य बना हुआ है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब के साथ ही ज्योतिर्मठ, पोखरी, गोपेश्वर, नंदप्रयाग, नंदानगर व अन्य जगहों पर मौसम सामान्य है। नदी घाटियों में घना कोहरा छाया है।