चंपावत जिले में नाबालिग किशोरी के साथ हुई दरिंदगी की घटना के विरोध में में युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के पदाधिकारियों की संलिप्तता वाले अपराधों में सरकार कार्रवाई के बजाय आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। बृहस्पतिवार को एसबीआई तिराहे पर प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने कहा कि चंपावत में भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष के नाबालिग से दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने याद दिलाया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष पर दुष्कर्म के आरोप लग चुके हैं, लेकिन सरकार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में इस तरह की घटनाएं संस्कृति के विरुद्ध हैं और देवभूमि की बेटियों में डर का माहौल बना हुआ है। इस मौके पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, कमलेश गाढि़या, राहुल बाराकोटी, कैलाश नाथ, गौरव परिहार और युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष उम्मेद गाढि़या आदि मौजूद रहे।