बागेश्वर में सेवा पखवाड़ा के तहत युवा कल्याण विभाग ने बालिका वर्ग की ओपन कबड्डी प्रतियोगिता कराई। आठ टीमों ने प्रतियोगिता में भागीदारी कर दमखम दिखाया। विजेताओं को ट्राफी और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। पंडित बीडी पांडेय परिसर के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ कबड्डी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष महेश खेतवाल ने किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला सरस्वती शिशु मंदिर और विवेकानंद विद्या मंदिर इंका के बीच खेला गया। विवेकानंद की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए मैच अपने नाम किया। दूसरे मुकाबले में राउमावि आरे की टीम ने कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल और तीसरे मैच में स्टेडियम ए ने राइंका मंडलसेरा को पराजित किया। पहले सेमीफाइनल मैच में राउमावि आरे ने विवेकानंद विद्या मंदिर इंका को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में स्टेडियम बी ने स्टेडियम ए को हराकर खिताबी मुकाबले में स्थान बनाया। फाइनल मैच में स्टेडियम बी ने राउमावि आरे को हराकर खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में स्टेडियम ए ने विवेकानंद विद्या मंदिर इंका को हराया। इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन रावत, खेल प्रशिक्षक गणेश धपोला, सुंदर गढ़िया, कमलदीप मटियानी, रविंद्र हरड़िया, पवन कुमार, रितेश वर्मा, चंदन कोरंगा, प्रमोद कुमार, योगेश धामी आदि मौजूद रहे।