कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ताओं ने प्रांतीय खंड लोनिवि के कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने लोनिवि पर 10 करोड़ 23 लाख का कार्य बिना निविदा के एक ठेकेदार को देने का आरोप लगाया है। उन्होंने उस ठेकेदार से कार्य वापस लेकर नियमानुसार निविदा लगाने की मांग की है। शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने लोनिवि के ईई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में लोनिवि कार्यालय पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोनिवि के ईई ने 10 करोड़ 23 लाख से चौंसली डोबा मोटर मार्ग किलोमीटर दो से होने वाले वैकल्पिक लिंक सड़क का कार्य बिना निविदा लगाए अपने चहेतों को दे दिया है। विभागीय अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग कर सरकारी धन की बंदरबांट कर रहे हैं। जब तक इस मनमाने तरीके से किए कार्य को बंद कर निविदा नहीं निकाली जाती, तब तक धरना जारी रहेगा। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडेय, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री पूरन रौतेला, गोविंद सिंह मेहरा, गीता मेहरा, भैरव गोस्वामी, सुशील साह, अख्तर हुसैन, गौरव वर्मा , हरीश भट्ट, मनोज वर्मा, जगदीश पांडे, नवाज खान, देवेंद्र कनवाल, मनोज जोशी, अमन अंसारी, दीप सिंह डांगी, कार्तिक साह, देवेंद्र बिष्ट, निर्मल रावत, धीरेंद्र गैलाकोटी, पवन मेहरा, दिनेश पिलख्वाल, अजीत कार्की, प्रदीप बिष्ट, परितोष जोशी, नारायण पांडे, अमरजीत भाकुनी, विनोद वैष्णव आदि मौजूद रहे।