बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को रुझानों में मिल रही बढ़त को लेकर शुक्रवार को काशी में जमकर विजय उत्सव मनाया गया। पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र द्वारा गदौलिया स्थित कोदई चौकी पर उत्साहपूर्वक विजय उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फुलझड़ियां, पटाखे जलाकर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर हर्ष व्यक्त किया। गुलाब व गेंदा फूल की पंखुड़ियों और पीएम नरेंद्र मोदी के कट-आउट के साथ उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की इस बड़ी जीत पर एक-दूसरे को बधाई दी। विजय उत्सव का नेतृत्व ओबीसी मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि “बिहार की जनता विकास, स्थिरता और सुशासन चाहती थी। उन्होंने जंगल राज को नकारते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों पर भरोसा जताते हुए प्रचंड बहुमत की सरकार बना रही है। यह जनता का विश्वास है कि देश और राज्य के विकास के प्रति किए गए प्रयासों को दिशा मिलती रहे।”