काशी हिंदू विश्वविद्यालय की शोध छात्रा नाजुक भसीन की हुई मौत मामले सोमवार को बीएचयू के छात्रों ने चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। छात्रों का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता शिवांश सिंह ओर अधिवक्ता संतोष कुमार त्रिपाठी अपने समर्थकों के साथ चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में धरने पर बैठ गए। छात्रों ने शोध छात्रा की हुई मौत के कारणों को सार्वजनिक करने को कहा। अधिवक्ता संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीएचयू प्रशासन शोध छात्रा की हेल्थ डायरी जल्द से जल्द सार्वजनिक करें। इसके साथ ही छात्रा की मौत किन कारणों से हुई उसे भी सार्वजनिक करें। वहीं, बीएचयू के छात्र नेता शिवांश सिंह ने कहा कि बीएचयू में 40 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। ऐसे में छात्रों और कर्मचारियों के लिए आईसीयू में बेड रिजर्व किए जाएं। इसी क्रम में सूचना मिलते ही लंका पुलिस धरना स्थल पर पहुंच गई। जब बात नहीं बनी तो छात्रों से मिलने चिकित्सा अधीक्षक आएं, जिनको आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन दिया गया।