शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मां दुर्गा के ‘देवी ब्रह्मचारिणी’ रूप की पूजा करने का विधान है, जो कोतवाली थाना अंतर्गत दुर्गा घाट पर मां गंगा के तट पर विराजमान हैं। मंगलवार को भारी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन- पूजन के लिए पहुंचे। माता के जयकारे से पूरा परिसर गूंज उठा। मां का दर्शन करने के लिए भोर से ही भक्तों की कतार लग गई। श्रद्धालु नारियल, माला फूल और खीर प्रसाद जो मां को अत्यंत प्रिय है, लेकर मां का दर्शन करने के लिए भोर से ही लाइन में लगे रहे। महंत राजेश्वर सागरकर ने बताया कि भोर में 3 बजे मंदिर खोल कर मां के विग्रह का पंचामृत से स्नान कराया गया। इसके बाद मंगला दर्शन के लिए भक्तों के लिए कपाट खोल दिया गया और मां को श्रीसूत्र मंत्रउच्चारण सुना कर षोडशोचार विधि से पूजन अर्चन किया गया।