प्रसिद्ध संकट मोचन संगीत समारोह के अंतर्गत आयोजित चित्र प्रदर्शनी में कलाकार सप्तवाहन चतुर्वेदी ने अपनी अनूठी कृति ‘आञ्जनेय’ प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस पेंटिंग में उन्होंने प्रभु हनुमान की दिव्य छवि को बेहद सजीव रूप में उकेरा है। सप्तवाहन ने बताया कि इस पेंटिंग को बनाने में उन्हें लगातार 18 घंटे का समय लगा। खास बात यह रही कि उन्होंने मात्र छह रंगों और कुमकुम का उपयोग कर इस कृति को तैयार किया, जिससे चित्र में आध्यात्मिकता और आस्था का विशेष प्रभाव देखने को मिला। प्रदर्शनी में पहुंचे कला प्रेमियों और दर्शकों ने उनकी इस मेहनत और कला की जमकर सराहना की। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व वर्ष उन्होंने ‘सेवेन गुरु’ नामक पेंटिंग बनाई थी, जिसे भी काफी सराहना मिली थी। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने केदारघाट स्थित श्री विद्या मठ में इसका विमोचन किया था। कलाकार का कहना है कि उनकी कोशिश रहती है कि हर कृति में भारतीय संस्कृति और धार्मिक भावनाओं को जीवंत रूप दिया जाए। संकट मोचन संगीत समारोह की यह प्रदर्शनी न केवल संगीत बल्कि कला के विविध रूपों को भी मंच प्रदान कर रही है, जिससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा।