ऑटो, ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान का असर बुधवार को सड़कों पर दिखा। कैंट स्टेशन, इंग्लिशिया लाइन, सिटी स्टेशन, राजघाट, पड़ाव तक ऑटो, ई रिक्शा कम हो गए। काफी देर तक लोगों को साधन नहीं मिले। कैंट से सिटी स्टेशन जाने और सिटी से राजघाट आवाजाही के लिए लोग परेशान हुए। बहुत से लोगों ने पैदल ही मंजिल तय की। हालांकि, दिन में तो कमी रही, लेकिन शाम ढलते ही सड़कों पर ऑटो, ई-रिक्शा की भरमार हो गई। दूसरे दिन अवैध ऑटो, ई-रिक्शा के खिलाफ यातायात पुलिस और आरटीओ का अभियान चला। अभियान में 76 ऑटो, ई-रिक्शा का चालान और सात को सीज किया गया। सुबह से अपराह्न तक कैंट, इंग्लिशिया लाइन, सिगरा, भेलूपुर, गिरजाघर, नई सड़क, लंका और मैदागिन, विशेश्वरगंज, सिटी स्टेशन अलईपुरा, राजघाट, पड़ाव समेत अन्य क्षेत्रों में ऑटो, ई-रिक्शा कम संचालित हुए। कहीं, कहीं क्षेत्रों में वाहन के इंतजार में यात्रियों को खड़ा रहना पड़ा। पड़ाव से राजघाट तक साधन नहीं मिलने से लोग पैदल ही जाते दिखे। यही स्थिति राजघाट से सिटी स्टेशन तक रही। लक्सा, चेतगंज, जंगमबाड़ी, अस्सी क्षेत्रों में पुलिस टीम को देखते ही ई-रिक्शा गली में लेकर घुस गए। आरटीओ (प्रवर्तन) मनोज कुमार वर्मा और एआरटीओ प्रवर्तन श्याम लाल ने बताया कि यह अभियान 30 अप्रैल तक जारी रहेगा।