मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को गोदौलिया सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों के साथ पैदल रूट मार्च किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि मुहर्रम के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने ताजियादारों से निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि ताजिए की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट तय की गई है। यदि जुलूस के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई के कारण कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित ताजियादार की होगी। प्रशासन ने सभी आयोजकों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने का आह्वान किया है।