पहड़िया मंडी में मतगणना स्थल पर बुधवार को अपराह्न चार बजे एमएलसी चुनाव के नतीजों के बीच भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। काफी देर तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। बाद में भाजपा नेता, प्रत्याशी, प्रदेश सरकार के मंत्री, मेयर, विधायक और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। उन्होंने पांचवें राउंड की मतगणना दोबारा कराने की मांग रखी। साथ ही निर्वाचन आयोग से आपत्ति दर्ज कराई। धरना पांच घंटे तक चला और नौ बजे खत्म हुआ। हालांकि, चुनाव से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पांचवें राउंड की मतगणना दोबारा नहीं होगी। रि-वेरीफिकेशन कराया जा रहा है।