36वीं वाहिनी पीएसी के गौरवशाली स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वाहिनी परिसर में हर्षोल्लास के साथ भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर वाहिनी के क्वार्टर-गार्ड पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डॉ. अनिल कुमार पांडेय (आईपीएस) और उनकी धर्मपत्नी नीलम पांडेय द्वारा विधि-विधान से शस्त्र पूजन एवं भव्य हवन संपन्न किया गया। इस अनुष्ठान में विश्व शांति, राष्ट्र सुरक्षा और जवानों के कल्याण की मंगल कामना की गई। शस्त्र पूजन के बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज कुमार सोनकर (आईपीएस), पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), वाराणसी अनुभाग का वाहिनी में आगमन हुआ। डॉ. अनिल कुमार पांडेय द्वारा उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद, परेड ग्राउंड पर डीआईजी को सलामी दी गई, जहां उन्होंने भव्य परेड का निरीक्षण किया।