उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों पर काम शुरू हो चुका है...18 जुलाई से 22 जुलाई तक ग्राम पंचायतों की जनसंख्या का आकलन किया जाएगा। छह से दस अगस्त के बीच अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। इस दौरान की जाने वाली प्रक्रिया की विभाग ने समय सारणी जारी कर दी है....
पांच साल में प्रदेश के पंचायतों एवं निकायों के स्वरूप में काफी बदलाव हुआ है। नगर निगमों के विस्तार एवं नई नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के गठन ने ग्रामीण क्षेत्र के विस्तार को संकुचित किया है। इसका असर ग्राम पंचायतों एवं वॉर्डों की संख्या पर भी पड़ना तय है। यही कारण है कि पंचायतों को अंतिम स्वरूप देने के लिए पंचायती राज विभाग ने परिसीमन की प्रक्रिया शुरू की है।
पंचायत चुनाव को लेकर यह जारी की गई समय-सारणी
- 18 जुलाई से 22 जुलाई 2025 तक ग्राम पंचायत जनसंख्या का आकलन किया जाएगा।
- 23 जुलाई से 28 जुलाई 2025 तक ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत तथा जिपं के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) की प्रस्तावित सूची तैयारी और उसका प्रकाशन किया जाएगा।
- 29 जुलाई से दो अगस्त 2025 तक प्रस्तावों पर आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
- तीन अगस्त से पांच अगस्त 2025 तक प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
- छह अगस्त से 10 अगस्त 2025 तक निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
सबसे पहले ग्राम पंचायतवार जनसंख्या का निर्धारण होगा। इससे पंचायतों का जो हिस्सा शहरी क्षेत्र में चला गया है वह अलग हो जाएगा और वास्तविक ग्रामीण आबादी की तस्वीर साफ हो सकेगी। इसके बाद वॉर्डों का निर्धारण कर उसकी सूची जारी की जाएगी, जिस पर आम जनता को आपत्ति का भी मौका दिया जाएगा। अगस्त के दूसरे सप्ताह तक वॉर्डों के परिसीमन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।