शहर के पीडी नगर मोहल्ले में आपसी विवाद में छोटे भाई ने पत्थर मारा तो बड़े भाई ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। लोगों की सूचना पर सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। सदर कोतवाली के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी आशा देवी, पत्नी गणेश सोनी छोटे बेटे सत्यम सोनी (22) और तीन अन्य बच्चों के साथ किराये के घर में रहती हैं। बड़ा बेटा शिवम सोनी पीडी नगर में नहर के पास झोपड़ी बनाकर पत्नी पूजा और ढाई साल के बेटे के साथ रहता है। मां आशा ने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने जानकारी दी है कि शनिवार शाम करीब 3:30 बजे सत्यम बड़े भाई शिवम के घर पहुंचा तो उसने जाने के लिए कहा। इस पर दोनों में विवाद होने लगा। भगाने पर सत्यम, शिवम के घर के सामने पुलिया पर बैठ गया और गाली गलौज करने लगा। मां के मुताबिक सत्यम कई साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ था, उसका इलाज चल रहा था। बड़े भाई के नाराज होने पर उसने पत्थर फेंक कर मारा। इस पर आलू काट रहा शिवम वही चाकू लेकर पहुंचा और पेट व शरीर के अन्य हिस्सों में तबड़तोड़ वारकर लहूलुहान कर दिया। सूचना पर वह मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से सत्यम को जिला अस्पताल पहुंचाया। ईएमओ डॉ. आशीष सक्सेना ने मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर को सीओ सिटी दीपक यादव व कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा अस्पताल पहुंचे और फिर घटनास्थल की जांच की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हत्यारोपी भाग निकला है। पुलिस टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।