लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:40 बजे तेज रफ्तार कार चालक को झपकी आने से हाईवे किनारे लोहे की सेफ्टी ग्रिल में घुस गई। ग्रिल में पिलर न लगा होने से करीब पांच फीट लंबी ग्रिल कार के बाएं तरफ से घुसी और आगे की सीट पर बैठे युवक के पेट में घुस गई। एयरबैग भी खुला, लेकिन ग्रिल ने उसे भी चीर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। वहीं, एयरबैग ने कार चालक की जान बचा ली। पुलिस के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 120 किमी प्रति घंटा रही होगी। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात रेंगता रहा। सिद्धार्थनगर जिले के थाना बांसी के कदमहवा गांव निवासी आकाश राजभर (24) पुत्र साधुशरण बलरामपुर जिले के थाना और कस्बा तुलसीपुर निवासी साथी रघुवर (22) पुत्र संतोष बरनवाल के साथ फर्रुखाबाद जा रहे थे। दोनों बृहस्पतिवार सुबह सात बजे सिद्धार्थनगर से निकले थे। दोपहर 12:40 बजे लखनऊ-कानपुर हाईवे पर चमरौली गांव के पास पहुंचे थे, तभी कार चला रहे रघुबर को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित हो गई।