सुल्तानपुर शहर के प्रधान डाकघर में बम रखे जाने की सूचना से मंगलवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया और सीओ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एहतियातन डाकघर परिसर को तत्काल खाली कराते हुए कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकाल दिया गया। पूरे भवन को सील कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के माध्यम से सूचना मिली थी, जिसमें दोपहर 2:10 बजे बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, एलआईयू व अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस ने अयोध्या से बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया है, जो पहुंचकर पूरे परिसर की बारीकी से जांच करेगा। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास जारी है।