यूपी के सुल्तानपुर में मंगलवार को एमपी/एमएलए कोर्ट में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के विरुद्ध परिवाद दायर हुआ है। विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने याचिका पर 15 जनवरी को सुनवाई की तारीख नियत की है। यह परिवाद अमित शाह द्वारा संविधान रचयिता डॉ भीमराव आंबेडकर को लेकर की गई टिप्पणी पर किया गया है। यह परिवाद धम्मौर थाना क्षेत्र के बनकेपुर सरैया निवासी रामखेलावन ने कराया है। रामखेलावन ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह द्वारा 17 दिसंबर 2024 को सदन में डॉ. भीमराव आंबेडकर पर टिप्पणी की गई। कहा कि जिनकी बदौलत अमित शाह आज गृहमंत्री हैं, उन्हीं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। जिनको करोड़ों गरीब मजदूर अपना भगवान मानते हैं, उससे करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इससे मेरी भी भावना आहत हुई है।