सुल्तानपुर में मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में सर्पदंश के मरीज की मौत हो गई। इस पर घरवालों ने जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर शांत किया। शव को रिक्शे में लादकर घर भेजा दिया। अयोध्या जिले के चौरेबाजार निवासी शिवम (21) को रविवार दोपहर सांप ने काट लिया। परिजन आनन-फानन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे। आरोप है कि परिजन वहां तैनात चिकित्सक व स्टाफ से जल्द देखने के लिए कह रहे थे। वार्ड बॉय ने एक इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद भी आराम नहीं हुआ तो फिर से इलाज करने को कहा। इसके बाद कोई उसे देखने नहीं आया। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। मौत से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह समझाया और लाश को रिक्शे में रखवाकर मोर्चरी के लिए भेजा। सूचना पर सीएमएस डॉ. आरके मिश्रा भी इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे और पूछताछ की। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने कहा कि सूचना मिली है, मौके पर पुलिस मौजूद है।