झटका मशीन के करंट से किशोर की मौत खेत में लगी मशीन में डायरेक्ट बिजली सप्लाई का आरोप सुल्तानपुर: खेत में लगी झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के सबसुखपुर (पटखौली) गांव की है। मृतक की पहचान अंश पाठक पुत्र हीरालाल पाठक के रूप में हुई है। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, अंश पाठक साइकिल से दुकान से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में उसकी साइकिल अनियंत्रित हो गई और वह पास के खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आ गया। करंट लगने से अंश गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि खेत में लगी झटका मशीन में सीधे बिजली की सप्लाई दी गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि झटका मशीन की बैटरी चोरी हो जाने के बाद खेत मालिक ने कथित तौर पर सीधे बिजली के तार जोड़ दिए थे। परिजनों ने स्थानीय व्यक्ति करुणा शंकर पाठक पर यह अवैध कनेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। मृतक के रिश्तेदार विकास तिवारी ने बताया कि बारिश का मौसम था, बच्चा साइकिल से घर आ रहा था। साइकिल फिसलने के कारण वह गिर गया और सीधे बिजली के तार की चपेट में आ गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में 108 नंबर पर कॉल करने और कागजी नियमों के चक्कर में उन्हें परेशान किया गया, जिससे इलाज में देरी हुई।