सुल्तानपुर में कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद सरैया बाजार में बुधवार को मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा के दौरान ट्रैक्टर पर रखे जनरेटर में आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश में 16 वर्षीय किशोर दीपांशु अग्रहरि झुलस गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कादीपुर ले जाया गया। हालत देखते हुए वहां से बुधवार रात करीब 12:30 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। दीपांशु गांव निवासी रामसेवक अग्रहरि का बेटा है। उसके दादा संतोष ने बताया कि विसर्जन के लिए जाते समय ट्रैक्टर पर रखे जनरेटर में अचानक आग लग गई। इस दौरान आग की चपेट में आने से दीपांशु का पैर झुलस गया। उन्होंने बताया कि घटना में कुछ अन्य लोग भी मामूली रूप से झुलसे हैं। जनरेटर में लीकेज होने या आग लगने की अन्य वजह का अभी पता नहीं चल सका है।