सोनभद्र में संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे सरईगाढ़ के नकटुआ सेमरवाटाड़ के ग्रामीणों ने सीडीओ से बिजली निगम में ट्रांसफॉर्मर बदलने में मनमाने की शिकायत की। ग्रामीण महेंद्र, कुंती आदि ने बताया कि 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर महीने भर पहले जल गया था। शिकायत के बाद भी उसे नहीं बदला गया। तब किसी तरह 25 हजार रुपये का इंतजाम कर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लाइनमैन को दिया, तब दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगाया गया। यह ट्रांसफॉर्मर भी सिर्फ दो दिन में जल गया। अब फिर से 25 हजार रुपये की व्यवस्था करने को कहा जा रहा है। बार-बार इतना पैसा कहां से लाएंगे। ग्रामीणों ने लाइनमैन से बातचीत का ऑडियो भी दिया। सीडीओ जागृति अवस्थी ने बिजली निगम के अधिकारियों को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।