सोनभद्र में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत शनिवार को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया। सामूहिक गायन से विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वंदे मातरम् के तृतीय चरण के साथ हर घर तिरंगा अभियान-2026 को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। अभियान 9 से 15 अगस्त तक भौतिक और डिजिटल दोनों माध्यमों से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं। इस दौरान सभी ने राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय गीत के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने तथा अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वंदे मातरम् के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना व्यक्त की। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और डिजिटल माध्यम से भी हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।