सोनभद्र में तेज रफ्तार ट्रकों के संचालन के बीच सोमवार को अनियंत्रित ट्रक प्राथमिक विद्यालय केकराही के गेट से टकरा गई। गनीमत रही कि बच्चे सकुशल रहे। बताते हैं कि करमा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय केकराही में सोमवार को कुछ बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। इस बीच मिर्जापुर-हिंदुआरी मुख्य मार्ग पर दोपहर सवा 12 बजे एक अनियंत्रित ट्रक विद्यालय की बाउंड्री व मुख्य गेट से टकराया। जोरदार टक्कर से गेट समेत बाउंड्री ध्वस्त हो गई। चालक ट्रक लेकर भागने में सफल रहा। घटना से अफरातफरी मच गई। बताते चले कि केकराही प्राथमिक विद्यालय के ठीक सामने इंडियन बैंक है। जहां प्रतिदिन बैंक कार्य से बहुत से लोगों का आना जाना रहता है। सोमवार को भी स्कूल के सामने बाइक व कार खड़ा करके कुछ लोग बैंक में गए हुए थे। अचानक मिर्जापुर से रॉबर्ट्सगंज की तरफ जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने स्कूल के सामने खड़े वाहनों को धक्का मारते हुए बाउंड्री व गेट को धराशाई कर दिया। गनीमत रही की कोई बच्चा व अन्य लोग वहां खड़े नहीं थे। घटना के बाद तेज आवाज सुनकर लोग बाहर निकले, तब तक ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया था।