औड़ी-शक्तिनगर हाईवे पर बिछड़ी संपर्क मार्ग के पास बुधवार की शाम राख लदे हाइवा ने स्कूटी सवार आनंद यादव (25) को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आनंद एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था। हाइवा को पीछे करते समय स्कूटी उसके पहिए के नीचे आ गई। हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जैक से उठाकर शव को बाहर निकाला। रेणुसागर के गरबंधा निवासी तेज नारायण यादव का पुत्र आनंद बिछड़ी स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी के आफिस में काम करता था। बुधवार को कार्य समाप्त कर स्कूटी से अपने घर जा रहा था। आईटीआई कॉलेज के सामने पहुंचा तो आगे चल रही हाइवा ने अचानक ब्रेक मारा और पीछे करने लगा। जब तक आनंद संभल पाता तक हाइवा का पहिया स्कूटी समेत आनंद पर चढ़ गया था। घटना की जानकारी होते ही चालक मौके से ही फरार हो गया। अनपरा पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन हाइवा की चाबी नहीं होने से शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत हुई। जैक से डाला को उठाकर शव को बाहर निकाला गया। आनंद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता हिंडाल्को रेणुसागर पावर डिवीजन से सेवानिवृत्त हुए हैं। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हाइवा को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।