ऊर्जा नगरी ओबरा के होटल कलश में शुक्रवार की शाम कविता, शायरी और गीतों के ना म रही। अमर उजाला के काव्य कैफे में देर रात तक श्रोता हास्य रचनाओं पर ठहाके लगाते रहे तो शृंगार और प्रेम रस में पगी कविताओं से सराबोर हो उठे। गजल और गीतों पर खूब वाहवाही मिली। एसडीएम विवेक सिंह ने मुख्य प्रायोजक सोन विहार इंफ्रा साल्यूशन के सीएमडी अजीत सिंह, नगर पंचायत ओबरा की अध्यक्ष चांदनी देवी, पूर्व अध्यक्ष दुर्गावती देवी, सरदार एसपी तनेजा, डाला नगर पंचायत अध्यक्ष फूलवंती, डाला व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश जैन, ओबरा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार सहित अन्य अतिथियों के साथ दीप जलाकर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। जबलपुर से आई कवियित्री मणिका दुबे ने मां सरस्वती की वंदना की। इसके बाद शुरू हंसी-ठिठोली, शायरी और गजल, गीतों का ऐसा दौर चला कि अब आधी रात ढल गई, पता ही नहीं चला। श्रोता आनंदित होकर सभागार में डटे रहे। रचनाकारों ने अपनी कविताओं में समसामयिक मुद्दों को उठाया तो कुरीतियों पर व्यंग्य भी किए। नारी सम्मान, धार्मिक सद्भाव, पारिवारिक मूल्यों जैसे बिंदुओं को कविताओं में उठाया। इस मौके पर समाजसेवी रमेश सिंह यादव, उमेश सिंह पटेल, बृजेश तिवारी, आलोक भाटिया, सुशील कुशवाहा, दीनानाथ शर्मा, डॉ. संतोष कुमार सैनी, सुशील गोयल, सुमित खत्री, मनोज सिंह, अरविंद सोनी आदि मौजूद रहे। संचालन आरती वाजपेई ने किया।