घोरावल ब्लॉक के रघुनाथपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रदेश का पहला स्पेस लैब (जनजातीय) का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं सीडीओ जागृति अवस्थी और बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने फीता काटकर लैब का उद्घाटन की। इस दौरान स्पेश सूट पहने खड़े बच्चे स्पेस लैब के बारे में जानकारी देते दिखे। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से रघुनाथपुर गांव में बनाया गया इस तरह का स्पेस लैब यूपी के किसी भी जनजातीय बहुल गांव का पहला लैब है। इस दौरान विद्यालय का वार्षिकोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। ग्राम प्रधान एवं विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से बने स्पेस लैब को देख प्रशासनिक अधिकारी आह्लादित हो उठे। सीडीओ ने स्पेस लैब में टेलीस्कोप, मानव कंकाल, चंद्रयान एवं स्पेस संबंधित विविध मॉडल देख उपस्थित छात्रों से उनकी जानकारी ली। उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने इस आदिवासी बहुल क्षेत्र में इस शानदार पहल के लिए ग्राम प्रधान परमेश्वर पाल और विद्यालय के शिक्षकों की भरपूर सराहना की। इस दौरान विद्यालय के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। नृत्य, नाटक, एकांकी से सबका मन मोहा। कार्यक्रम डीपीआरओ नमिता शरण, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, सौरभ कार्तिकेय, हिमांशु मिश्र आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री इंदुप्रकाश सिंह ने किया।