प्रदेश सरकार की ओर से प्राथमिक विद्यालयों के विलय के फैसले के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए सरकार के फैसले को शिक्षा विरोधी बताया। मांग किया कि प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज किए जाने का निर्णय वापस लिया जाए, अन्यथा सपा चरणबद्ध आंदोलन को मजबूर होगी। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज कर निजी स्कूलों को बढ़ावा देने में लगी है। सरदार पारब्रम्ह सिंह ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का तेजी से बाजारीकरण हो रहा है, जिससे गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा कि सरकार न केवल शिक्षा बल्कि बिजली का भी निजीकरण कर रही है। प्रदर्शन में पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला सचिव मुन्ना कुशवाहा, शंभू भारती, सुरेश अग्रहरि, जुनैद अंसारी, लालू यादव, राजेश भारती, महेंद्र भारती आदि मौजूद रहे।