वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर बट गांव के पास शनिवार को पिकअप की चपेट में आने से दस वर्षीय बालक की मौत हो गई। सड़क पार करने के दौरान यह हादसा हुआ। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पिकअप लेकर चालक फरार हो गया। सुकृत चौकी क्षेत्र के बट गांव निवासी रुस्तम का पुत्र रेहान (10) शुक्रवार को दोपहर में गांव के पास खेल रहा था। अचानक वह सड़क पार कर दूसरी तरफ जाने लगा। इसी दौरान वाराणसी की तरफ से आ रहे पिकअप ने उसे चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल बालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।