सोनभद्र जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए सोनभद्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। माह जनवरी में साइबर ठगी के 48 पीड़ितों को कुल 23 लाख 12 हजार 636 रुपये की धनराशि उनके खातों में वापस कराई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपदीय साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना और सभी थानों की साइबर हेल्प डेस्क की टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए यह उपलब्धि हासिल की। पुलिस के अनुसार एनसीआरपी पोर्टल और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध खातों को तुरंत होल्ड कराया गया। साथ ही डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और बैंकों से समन्वय के माध्यम से ठगी की रकम सुरक्षित वापस कराई गई।