सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के घुवास कलां गांव में पिछले दिनों हुई मारपीट में घायल एक व्यक्ति की मौत के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन मंगलवार की शाम कोतवाली पहुंचे। नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद ने कोतवाल से मिलकर आरोपियों के शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। कहा अगर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। घुवास कलां गांव में शनिवार को दो गुटों में जमकर लाठी डंडे चले थे। मारपीट में एक पक्ष से महिला समेत तीन लोगों को चोट आई थी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को घायल गुड्डू की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर-कर्मचारियों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। पुलिस को पांच घंटे शव नहीं उठाने दिया। बाद में आजाद समाज पार्टी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इसी घटना में मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिजनों ने आरोपियों की अब तक गिरफ्तार न होने पर नाराजगी जताई। उन्हें ढांढस बंधाते हुए अध्यक्ष ने न्याय का भरोसा दिलाया। रुबी प्रसाद ने कहा कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी में विलंब ठीक नहीं है। पुलिस ने पहले मारपीट की धारा में मुकदमा लिखा था। अब नई धाराएं जोड़ते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाय। पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिला।