भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत मुख्य मार्ग से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपकर विभिन्न मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। धरने में भाकपा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य आरके शर्मा ने अयोध्या श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में न्यायिक आयोग से जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने मामले में दोषियों की गिरफ्तारी, कथित रूप से गबन की गई धनराशि की बरामदगी और उसे जनहित में खर्च करने की मांग की। जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने हाल में हुए लखनऊ के अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड, शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों के बंद होने के मुद्दे उठाए। वहीं जिला कोषाध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता ने महंगाई, बिजली के निजीकरण, स्मार्ट मीटर, किसानों की समस्याओं, कानून-व्यवस्था, खाद-बीज की उपलब्धता तथा दलित, आदिवासी, पिछड़े, महिलाओं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाकपा कार्यकर्ता शामिल रहे।