डाला नगर पंचायत क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और लोग सहम गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर में पहले से तेल का रिसाव हो रहा था जिसकी सूचना दो-तीन दिन पहले ही बिजली विभाग को दे दी गई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। समय रहते मरम्मत न होने से आखिरकार रविवार को ट्रांसफार्मर में आग लग गई। लोगों का कहना है कि अगर विभाग ने समय पर कदम उठाया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। आग लगने की सूचना मिलते ही पास की सीमेंट फैक्ट्री से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। हालांकि, आग की वजह से नई बस्ती इलाके में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।