डाला पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत डाला चढ़ाई पर बृहस्पतिवार की देर रात मुर्गों से भरी एक पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पिकअप पूरी तरह जलकर गई। उसमें लदे मुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप वाराणस-शक्तिनगर मार्ग से होते हुए हाथीनाला की ओर जा रही थी। चढ़ाई के दौरान अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने स्थिति बिगड़ती देख वाहन सड़क किनारे खड़ा किया और अपनी जान बचाकर मौके से निकल गया। देखते-ही-देखते पूरी पिकअप आग का गोला बन गई। आग की लपटें देखकर सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन में भरे मुर्गे बाहर निकलने का कोई रास्ता न मिलने के कारण जिंदा जल गए। घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पिकअप और उसमें लदा पूरा माल जल चुका था। घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। एसओ अखिलेश मिश्र ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।