दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव में मनबढ़ों ने मारपीट के दौरान दांत से एक युवक की छोटी अंगुली काट दी। घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बीड़र गांव निवासी मुन्ना चेरो ने बताया कि गत 18 दिसंबर की शाम चचेरा भाई राधेश्याम दुद्धी से अपने घर आ रहा था। गांव में स्थित एक निजी स्कूल के पास पहले से घात लगाए गांव के कुछ लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। मारपीट करते हुए उसके पास मौजूद रुपये छीन लिए। चचेरे भाई को पिटता देख वह पहुंचा तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। उसे जमीन पर पटक दिया। फिर दांत से उसकी छोटी अंगुली काट दी। चीख-पुकार सुनकर अन्य लोग आए तो हमलावर फरार हो गए। घायल को सीएचसी दुद्धी ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने उसका उपचार किया। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आपसी विवाद में घटना हुई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।