आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को मधुपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। जिलाध्यक्ष रमेश गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र परिसर की साफ-सफाई की और आस-पास की घास-पात काटकर कूड़ा-कचरा हटाया। यह अभियान काशी प्रांत कार्यकारिणी सदस्य ज्योतिजंग सिंह के आह्वान पर किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि आम आदमी पार्टी की विचारधारा है कि जब तक देश की मूलभूत सुविधाएं (खासकर शिक्षा और स्वास्थ्य) सशक्त नहीं होंगी, तब तक देश को सर्वश्रेष्ठ नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने बताया कि पार्टी हर महीने जिले के अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि मधुपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्षों से एकमात्र सफाईकर्मी था, जो अब सेवानिवृत्त हो चुका है। उसके बाद से केंद्र पर कोई सफाईकर्मी नियुक्त नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, अस्पताल में जांच से जुड़ी सुविधाएं और आवश्यक दवाएं भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह केंद्र मात्र एक भवन बनकर रह गया है। गौतम ने कहा कि हमारा लक्ष्य मधुपुर स्वास्थ्य केंद्र को एक आदर्श स्वच्छता मॉडल बनाना है। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था अत्यंत दयनीय स्थिति में है, और हम इसे बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। अभियान में आम आदमी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने न सिर्फ सफाई की बल्कि स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।