सीतापुर जिले के थानगांव के इसरौली गांव में पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मौके पर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दीपू भार्गव (22) ने आंगन में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रही अपनी पत्नी छाया देवी (24) के चेहरे पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद दीपू ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। एक वर्ष पूर्व हुआ था विवाह दीपू भार्गव की शादी हरिहरपुर नेवादा, थाना रेउसा निवासी मेवालाल की 22 वर्षीय पुत्री छाया देवी के साथ 9 मई 2025 को हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही विदाई को लेकर पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था। मायके पक्ष के मुताबिक, कुछ संभ्रांत लोगों की पंचायत के बाद 19 मई 2026 को छाया देवी को ससुराल भेजा गया था। मृतका के पिता मेवालाल ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति दीपू, ननद, सास और ससुर पर लगाया है। बताया कि छाया देवी चार माह से गर्भवती भी थी। सूचना मिलने पर एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह दक्षिणी, सीओ महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष विमल गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने पति-पत्नी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।