नैमिषारण्य धाम में शुक्रवार को चैत्र नवरात्र के पहले दिन माँ ललिता देवी के दरबार में शैल पुत्री के रूप मे माँ ललिता का ध्यान करके बड़ी संख्या में भक्तो ने बड़े ही भक्तिभाव से माँ के श्री चरणों में पूजन अर्चन करके शीश नवाया। पहले दिन सुबह से ही माँ ललिता देवी मन्दिर प्रांगण में बड़ी संख्या में आचार्यो ने दुर्गा सप्तशती, ललिता सहस्त्रनाम , आदि धर्म ग्रन्थो के पाठ का क्रम प्रारम्भ किया। साथ ही मन्दिर स्थित प्राचीन हवन कुण्ड में भक्तो ने प्रारम्भिक हवन भी किया। मां ललिता देवी के दर्शन के लिए सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं बड़ी संख्या में मन्दिर प्रांगण में भक्तो और आचार्यों ने पाठ का क्रम जारी रखा। सुबह पुजारी अटल शास्त्री ने माता की आरती उतारी। इस दौरान मन्दिर प्रांगण में श्रद्धालुओं को पंचामृत और प्रसाद वितरण का दौर भी चलता रहा। मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुगणों द्वारा मनोकामना के अनुसार बच्चो का मुंडन संस्कार भी करवाया गया।