उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ की ओर से उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के लिए शनिवार को आठ केंद्रों पर परीक्षा होगी। इसमें 11,520 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के साथ जूते उतरवाकर चेकिंग की गई है। वहीं महिला अभ्यर्थियों को पूर्व में ही अनाउंसमेंट कर ज्वैलरी उतारकर आने को कहा जा रहा है। शहर में परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए गए हैं। इनमें दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर, आरबीएसबीएस इंटर कॉलेज कमलापुर, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, आरएमपी डिग्री कॉलेज, आरएमपी इंटर कॉलेज, आरआरडी इंटर कॉलेज व उजागर लाल इंटर कॉलेज शामिल हैं। दो दिन में चार पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे के मध्य होगी। दूसरी पाली दोपहर तीन से पांच बजे के बीच होगी। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ब्लूटूथ डिवाइस की भी जांच कर रहे पुलिसकर्मी गेट पर तैनात पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों के कान और बालों को भी चेक कर रहे हैं। यह देखा जा रहा है कि ब्लूटूथ डिवाइस तो नहीं लगी है। साथ ही एसटीएफ, एलआईयू, स्थानीय पुलिस की टीम सादे कपड़ों में भी सक्रिय हैं।