पुलिस की सर्विलांस सेल ने विशेष अभियान चलाकर करीब 16 लाख रुपये मूल्य के 65 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने बताया कि विभिन्न लोगों के मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलने के बाद सर्विलांस सेल ने आईएमईआई ट्रैकिंग और नेटवर्क डेटा विश्लेषण जैसी तकनीकी विधियों से उनकी तलाश शुरू की। अभियान के दौरान सभी 65 मोबाइल सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। इस कार्रवाई में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शादाब आलम, सिपाही अभिषेक कुमार सिंह और सूरज कुमार की प्रमुख भूमिका रही।