विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष बूथ दिवस मनाया गया। इस दौरान बीएलओ की ओर से मतदाता सूची का वाचन किया गया। डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से मतदाता सूची को पारदर्शी व त्रुटिविहीन तैयार किया जा सकेगा। इससे जो पात्र मतदाता हैं वह अपने मताधिकार का प्रयोग आसानी से कर सकेंगे। डीएम ने विधानसभा 289-भिनगा के प्राथमिक विद्यालय भिनगा प्रथम में बूथ संख्या 185-194, उच्च प्राथमिक विद्यालय, लक्ष्मणपुर इटवरिया बूथ संख्या 195-197, प्राथमिक विद्यालय पूरे गोकुल सिंह चकवा सहित अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर तथा बीएलओ से दावे व आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-6, फॉर्म-7 व फॉर्म-8 की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को स्पष्ट मतदाता सूची बनाने का निर्देश दिया।