उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय बुधवार को भिनगा स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पहुंचें। यहां पर पशु चिकित्सकों से बैठक कर गौशाला प्रबंधन की जानकारी ली। साथ ही गौशाला का भी निरीक्षण किया। बैठक के दौरान गोसेवा आयोग के सदस्य ने कहा कि सरकार की ओर से छुट्टा गोवंशों को आश्रय के साथ ही बेहतर चारा व पानी की व्यवस्था की जा रही है। इसलिए गो आश्रय स्थल पर रहने वाले सभी मवेशियों को हरा चारा खिलाया जाए। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द गो पालकों के घर बायोगैस का प्लांट लगाया जाएगा। इससे गोपालक को गैस व गोबर खाद मिलने लगेगा। इससे छुट्टा मवेशियों की संख्या में कमी आएगी। वहीं गो मूत्र को एकत्रित कर फसलों में छिड़कने से खेत की उर्वरा शक्ति में वृद्धि होगी साथ ही रासायनिक खादों के प्रयोग में भी कमी आएगी। उन्होंने बताया कि हरिहरपुरानी के खजुहा झुनझुनिया स्थित गोशाला के निरीक्षण के दौरान वहां पर दर्ज गोवंशों से कम संख्या मिली। इस पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।