सोनवा थाना क्षेत्र के परहलादा गांव निवासी बंसराज (32) की मंगलवार की दोपहर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह साइकिल से लालपुर चौराहे पर सामान खरीदने जा रहा था तभी यह हादसा हुआ। मृतक बंसराज 11,000 केबीए की विद्युत लाइन की चपेट में आया और मौके पर ही झुलस गया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह विद्युत लाइन पिछले चार दिनों से खेत में टूटी पड़ी थी। इसमें लगातार विद्युत आपूर्ति जारी थी। लोगों ने इसकी सूचना कई बार विद्युत उपकेंद्र गिलौला को दी थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते लाइन की मरम्मत कर दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। घटना की सूचना पर सोनवा थानाध्यक्ष बिसुनदेव पाण्डेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। सीओ भरत पासवान भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली।