श्रावस्ती जिले में वक्फ की कुल 401 संपत्ति मौजूद है। इनमें मस्जिद व कब्रिस्तान बनाया गया है। इनमें कहीं कोई विवाद नहीं है। वहीं विनियमित क्षेत्र कटरा में स्थित कथित मीर शाह बाबा की मजार को वक्फ का बताया जा रहा है। जिसका फिलहाल कोई रिकार्ड नहीं है। बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती के राजगढ़ गुलहरिया स्थित गाटा संख्या 1392 रकबा 1.509हेक्टेअर भूमि सहेट महेट के नाम महफूज है। यह भूमि पुरातत्व विभाग द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण के अंतर्गत आता है। इसकी 200 मीटर परिधि में बगैर अनुमति कोई निर्माण नहीं कराया जा सकता है। इसी संरक्षित भूमि के कुछ भाग पर कथित मीर शाह मजार स्थित है। यहां सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ मकान नंबर दो इंजेतामिया कमेटी दरगाह हज़रत सय्यद मीर शाह रह: का बोर्ड लाया गया था। जिसे विगत वर्ष एसडीएम इकौना ओम प्रकाश के निर्देश पर हटाया गया था। यही नहीं एसडीएम ने यहां बृहस्पतिवार को लगने वाले साप्ताहिक मेले को भी प्रतिबंधित कर दिया था। इसके अतिरिक्त जिले के वक्फ की कुल 401 संपत्ति है। इनमें भिनगा तहसील क्षेत्र में 224, इकौना तहसील क्षेत्र में 41 व जमुनहा तहसील क्षेत्र में 136 संपत्ति शामिल हैं। इनमें या तो मस्जिद बनी है या फिर कब्रिस्तान स्थित है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र राम ने बताया कि फिलहाल जिले में वक्फ की संपत्ति को लेकर कहीं कोई विवाद नहीं है। वक्फ संशोधन बिल को लेकर अलर्ट जारी केंद्र सरकार की ओर से बृहस्पतिवार को राज्य सभा में वक्फ संशोधन बिल पेश किया गया। इसे लेकर जिले में दूसरे दिन भी प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। एक तरफ जहां नेपाल सीमा क्षेत्र में मल्हीपुर व सिरसिया पुलिस ने एसएसबी के जवानों के साथ सीमा पर गश्त किया। वहीं जिले के अन्य मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस ने पीएसी के जवानों के साथ गश्त किया।