बहराइच के सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह में लगने वाले जेठ मेले पर रोक लगाई चुकी है। ऐसे में सुरक्षा कारणों से सोनवा के दिकौली स्थित बड़े पुरुष की मजार पर भी जेठ मेले का आयोजन नहीं होगा। प्रशासन की ओर से यह फैसला मेला प्रबंध समिति के पदाधिकारियों से वार्ता के बाद लिया है। सोनवा के दिकौली में बड़े पुरुष की मजार स्थित है। बताया जाता है कि यह सैयद सालार मसूद गाजी के बड़े वालिद थे। ऐसी मान्यता चली आ रही है कि बगैर यहां माथा टेके गाजी की दरगाह में जियारत पूरी नहीं होती। इसी मान्यता के चलते पूरे जेठ माह हजारों की संख्या में जायरीन बड़े पुरुष की मजार पर जियारत के लिए प्रयागराज, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर सहित बिहार राज्य के जिलों से लोग आते थे। ऐसे में जब सुरक्षा कारणों से बहराइच में दरगाह मेले के आयोजन पर पहले से ही रोक लग गई है। तो अब जिला प्रशासन की ओर से मेला प्रबंधक एजाज अहमद सहित समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भारत पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव को देखते हुए सुरक्षा कारणों से दिकौली में मेले का आयोजन न करने को कहा गया है। प्रशासन से वार्ता के बाद मेला प्रबंध समिति की ओर से दिकौली बड़े पुरुष की मजार पर मेले के आयोजन पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में यहां 15 मई से जेठ मेले का आयोजन नहीं होगा। एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि सुरक्षा कारणों से किसी भी धर्म के ऐसे आयोजन जहां लोगों की भीड़ जुट सकती है। उनके आयोजनों की अनुमति नहीं दी जा सकती है।