श्रावस्ती में कृषि विभाग में भ्रष्टाचार हावी है। इसका एक उदाहरण शुक्रवार को राजकीय बीज गोदाम, गौसपुर में देखने को मिला। यहां किसानों से खुलेआम गेहूं बीज पर प्रति बोरी 100 से 200 रुपये अतिरिक्त की वसूली की जा रही है। किसानों के विरोध पर बीज न देने की धमकी दी गई। इससे मजबूरन किसानों ने अधिक रुपये देकर बीज खरीदा। इस अवैध वसूली से किसानों में भारी आक्रोश रहा। राजकीय बीज गोदाम पर बीज लेने पहुंचे किसान अतुल यादव, परमानंद मिश्र, चंद्रशेखर चौरसिया, मिश्री लाल, पंकज कुमार आदि ने सचिव पर मनमानी और अवैध वसूली का आरोप लगाया। बताया कि एक बोरी गेहूं बीज का सरकारी रेट 936 रुपये है। जबकि, इसके लिए 1050 रुपये से लेकर 1100 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। किसानों ने बताया कि उन लोगों ने जब प्रिंट रेट का हवाला दिया तो सचिव ने बदसलूकी की। किसानों ने डीएम और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने की बात कही है। इस संबंध में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रकरण की जांच करवाई जाएगी। अगर किसानों का आरोप सही मिला तो सचिव पर सख्त करवाई होगी।