यूपी के श्रावस्ती में ग्राम पंचायत सागर गांव के प्रधान पर साथियों के साथ पीट-पीटकर युवक की हत्या करने का आरोप लगा है। जबकि, पिटाई से उसका बेटा घायल है। घटना के बाद से गांव में तैनाव की स्थिति है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सागर गांव की है। गांव निवासी आजम ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने पिता अब्दुल सत्तार (60) के साथ खरीदारी करने के लिए बाजार गए थे। वापस घर लौटते समय गांव के पास ग्राम प्रधान शम्भू वर्मा ने पुराने मुकदमे को लेकर उन्हें रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते उन्होंने साथियों के साथ उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के आने के बाद वो लोग जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। इस पर उन्होंने तत्काल घटना की सूचना डॉयल 112 पुलिस को दी। परिजन उनके पिता को लेकर घर चले गए थे। वो प्राथमिकी दर्ज करवाने के लिए थाना गए थे। इस दौरान उनके पिता की मौत हो गई। आजम ने पिटाई के चलते उनके पिता की मौत होने का आरोप लगाया है। मल्हीपुर थाना प्रभारी अंकुर वर्मा ने बताया कि प्रधान पर मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सत्तार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट होगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।