यूपी के श्रावस्ती में भिनगा स्थित लखनऊ हॉस्पिटल में बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान एक नवजात शिशु की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मार्ग जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ। सिरसिया थाना क्षेत्र के भरथा कला गांव निवासी गौस मोहम्मद ने बताया कि उसकी पत्नी साफिया का 15 जून को भरथा उपकेंद्र पर प्रसव हुआ था। प्रसव के बाद बच्चे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय, भिनगा के लिए रेफर कर दिया। वहां उसकी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच के लिए रेफर कर दिया। ऐसे में शिशु को बहराइच न ले जाकर 17 जून को भिनगा स्थित लखनऊ हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां उसका इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को चिकित्सक की लापरवाही के कारण नवजात की मौत हो गई। शिशु की मौत से नाराज परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा काटा। बाद में भिनगा-बहराइच मार्ग जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी पर पहुंची भिनगा पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद यातायात सुचारू कराया। लखनऊ हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. दिग्विजय सिंह ने बताया कि मैंने अपनी तरफ से पूरा प्रयास किया। जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे वेंटिलेटर सुविधा के लिए बहराइच ले जाने की सलाह दी थी। लेकिन, परिजन नहीं ले गए। ऐसे में करीब दो घंटे के बाद शिशु की मौत हो गई।