श्रावस्ती के तुलसीपुर और जमुनहा तराई में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश से जहां एक ओर फसलें गिर गईं वहीं, दूसरी ओर बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। तेज हवा के झोंकों ने लोगों को पुन: ठंडी का एहसास करा दिया। सुबह करीब 10 बजे तक तो जिले में चटख धूप निकली, जिससे लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त हो गए। इसके बाद देखते ही देखते काले बादल छा गए और दिन में भी रात जैसा एहसास होने लगा। थोड़ी देर बाद ही बारिश की फुहारें पड़ने लगे और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। साथ ही तेज हवाएं भी चलने लगीं। मौसम का यह बदला रूप किसानों के लिए हानिकारक साबित हुआ। अब किसानों को खेत में लगी पकी फसलों के खराब होने का डर सता रहा है।