शहर के 22 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को पीईटी परीक्षा का अंतिम दिन रहा। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। किसी को गणित के सवाल कठिन लगे तो किसी को सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स के प्रश्नों ने उलझाया। शहर के ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से बाहर निकली सहारनपुर निवासी ऋचा और अनुष्का ने बताया कि गणित को छोड़कर हिंदी, रीजनिंग और अंग्रेजी के प्रश्न काफी हद तक आसान रहे। उन्हें इस बार परीक्षा में सफल होने की उम्मीद है। वहीं, बिजनौर निवासी दुष्यंत ने सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को कठिन बताया। अभ्यर्थी खुशनुमा ने बताया कि उन्होंने 100 में से 82 प्रश्न हल किए हैं। उनके अनुसार करंट अफेयर्स के सवाल काफी कठिन रहे।