लिसाढ़ गांव के पास शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में लूट गिरोह का 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश रईस पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फारुख मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि कोतवाली पुलिस शनिवार को वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आईटीआई कॉलेज से लिसाढ़ गांव जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक तेज कर दी। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पानीपत की राजीव कॉलोनी निवासी रईस पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी पानीपत के कलंदरशाह मोहल्ले का फारुख मौके से फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 1 मार्च को लिसाढ़ गांव के पास अरविंद और एक महिला से कान के कुंडल, बाली और नकदी लूट ली थी। इस संबंध में कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। आरोपी ने अन्य कई वारदातों में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। एएसपी ने बताया कि गिरोह के सरगना कांजरहेड़ी निवासी अर्जुन और फरार आरोपी फारुख की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने घायल बदमाश के पास से लूटे गए दो कुंडल, एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। रईस पर दर्ज हैं तीन मुकदमे पुलिस के अनुसार रईस के खिलाफ लूट और मारपीट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करता था और लूटे गए जेवरात दिल्ली व अन्य स्थानों पर बेच देता था।